मुख्यमंत्री ने मनाली विंटर कार्निवल परेड को रवाना किया,.   मनाली में लोक निर्माण विभाग के मण्डल की घोषणा

मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज कुल्लू जिला के मनाली में पांच दिनों तक चलने वाले 8वें राष्ट्रीय विंटर कार्निवल-2019 का शुभारंभ करने के लिए हिडिम्बा माता मन्दिर में पूजा-अर्चना करने के उपरांत परिधि गृह से विंटर कार्निवाल परेड को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। विंटर कार्निवल-2019 का आयोजन 2 जनवरी से 6 जनवरी, 2019 तक किया जाएगा।

मनु रंगशाला में 8वें राष्ट्रीय विंटर कार्निवल के मुख्य समारोह का शुभारंभ करने के उपरांत मुख्यमंत्री ने कहा कि इस समारोह के दौरान आयोजित की जाने वाली गतिविधियों एवं इसकी लोकप्रियता में काफी विस्तार हुआ है। सैलानियों के लिए भी यह आयोजन मनोरंजक गतिविधियों से भरा है। उन्होंने कहा कि जब से इस उत्सव की शुरूआत हुई है, इसका आयोजन केवल मनाली में ही किया जा रहा है। इस पर्यटन स्थल की लोकप्रियता तथा सुगम पहुंच मनाली को कार्निवल के लिए एक उपयुक्त स्थान बनाती है।

जय राम ठाकुर ने कहा कि समय के साथ विंटर कार्निवल में बहुत कुछ नया जुड़ा है। हालांकि इसका मुख्य उद्देश्य लोक नृत्य व गीत संगीत के माध्यम से राज्य की संस्कृति को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि यह देखकर प्रसन्नता हुई है कि क्षेत्र के 120 से अधिक महिला मण्डलों ने स्वच्छता, नशीले पदार्थों के दुरूपयोग, गौ संरक्षण, महिला सशक्तिकरण, कन्या भू्रण हत्या के बारे में जागरूकता तथा पर्यावरण संरक्षण जैसे विभिन्न विषयों पर आधारित विशाल जुलूस में भाग लिया। उन्होंने कहा कि संदेश महत्वपूर्ण ही नहीं थे, बल्कि महिलाओं द्वारा शानदार ढंग से इन्हें प्रस्तुत किया गया। उन्होंने कहा कि कुल्लू जिला राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण में शायद राज्य का सर्वोपरी जिला है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार ने एक वर्ष का कार्यकाल पूरा किया है और इस एक वर्ष के दौरान न केवल एक पीढ़ी का बदलाव देखा है, बल्कि यह अवधि अनेक उपलब्धियों से भरी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने न केवल वर्तमान राज्य सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में भाग लिया बल्कि धर्मशाला में आयोजित किए गए राज्य सरकार के एक वर्ष के उपलक्ष्य में समारोह में अपनी गरिमामयी उपस्थिति से राज्य को आशीर्वाद दिया।

जय राज ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री ने राज्य के विकास के लिए प्रदेश सरकार द्वारा उठाए गए कदमों की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री विशेष रूप से राज्य सरकार द्वारा शुरू किए गए जनमंच से काफी प्रभावित हुए। उन्होंने कहा कि 20000 से अधिक शिकायतों का समाधान उनके घरद्वार के समीप किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि भारत को विश्व शक्ति बनाने के लिए देश को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जैसे दूरदर्शी नेतृत्व की अगले 10 वर्षों तक ज़रूरत है। उन्होंने कहा कि राज्य केन्द्र से 9500 करोड़ रुपये की परियोजनाएं प्राप्त करने में सफल रहा है।

जय राम ठाकुर ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के बाद नरेन्द्र मोदी ऐसे प्रधानमंत्री है, जो हिमाचल प्रदेश को अपना दूसरा घर मानते हैं। उन्होंने कहा कि यह उन्हीं के प्यार व स्नेह के कारण संभव हुआ, जब असमायिक बर्फबारी तथा वर्षा के कारण राज्य के जनजातीय जिला लाहौल-स्पिति तथा चम्बा के होली में फंसे लोगों को बचाने के लिए केन्द्र सरकार ने सात हेलिकाप्टर प्रदान किए।

मुख्यमंत्री ने मनाली में लोक निर्माण विभाग का मण्डल खोलने की घोषणा की।

उन्होंने माध्यमिक पाठशाला बसतौरी को उच्च पाठशाला में स्तरोन्नत करने की घोषणा की। उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पलचान के भवन के लिए 85 लाख रुपये तथा प्राथमिक पाठशाला पलचान के लिए 20 लाख रुपये की घोषणा की। उन्होंने कहा कि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक नग्गर में विज्ञान खण्ड का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मनाली में नए आॅडिटोरियम का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कार्निवल में भाग लेने वाले प्रत्येक महिला मण्डल को 8000 रुपये की घोषणा की। इससे पहले उन्हें 6000 रुपये दिए जाते थे। उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रम के आयोजकों को अपनी ऐच्छिक निधि से एक लाख रुपये की भी घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर राज्य वन विभाग के कैलेण्डर का भी विमोचन किया।

चन्द्रमोहन ने विंटर कार्निवल के आयोजन के लिए 10 लाख रुपये का चेक भेंट किया।

वन और पहिवहन मंत्री गोविन्द सिंह ठाकुर ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार ने हाल ही में अपना एक वर्ष का कार्यकाल पूरा किया है और और यह एक वर्ष उपलब्धियों से सराबोर रहा है। उन्होंने कहा कि जय राम ठाकुर के नेतृत्व में लोगों के कल्याण तथा राज्य के विकास के लिए अनेक अद्भुत पहल की गई है।

सांसद रामस्वरूप शर्मा ने कहा कि विंटर कार्निवल क्षेत्र की समृद्ध संस्कृति और परम्पराओं का प्रतीक है। उन्होंने समारोह में सक्र्रिय भागीदारी के लिए क्षेत्र के महिला मण्डलों का आभार व्यक्त किया।

कुल्लू के उपायुक्त युनूस ने इस अवसर पर मुख्यमंत्री तथा अन्य गणमान्य व्यक्तियों का स्वागत किया। उन्होंने उत्सव के दौरान आयोजित की जाने वाले गतिविधियों का भी विवरण दिया।

पूर्व सांसद महेश्वर सिंह, एचपीएमसी के उपाध्यक्ष राम सिंह, भाजपा महिला मोर्चा की राज्य महामंत्री धनेश्वरी ठाकुर, जिला भाजपा अध्यक्ष भीमसेन, कुल्लू की पुलिस अधीक्षक शालिनी अग्निहोत्री सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी इस अवसर पर मौजूद रहे।

सौर सिंचाई योजना’’ पर व्यय होंगे 200 करोड़: डॉ. राम लाल मारकंडा, प्रदेश में शून्य लागत प्राकृतिक कृषि को दिया जा रहा बल।।                         

धर्मशाला, 01 जनवरी- कृषि मंत्री डॉ. राम लाल मारकंडा ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों को पूरे साल सिंचाई सुविधा उपलब्ध करवाने की व्यवस्था विकसित करने पर विशेष ध्यान दे रही है। प्रदेश मे ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में सिंचाई हेतू जल उठाने के लिए ‘‘सौर सिंचाई योजना’’ आरम्भ की गई है। योजना के अन्तर्गत सौर पम्पों से सिंचाई हेतू लघु एवं सीमान्त वर्ग के किसानो को व्यक्तिगत रूप में पंपिंग मशीनरी लगाने हेतू 90 प्रतिशत की सहायता का प्रावधान किया गया है। मध्यम व बड़े वर्ग के किसानों को व्यक्तिगत स्तर पर पंपिंग मशीनरी लगाने हेतू 80 प्रतिशत की सहायता का प्रावधान है। इसके तहत आगामी 5 वर्षों में 200 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

कृृषि मंत्री आज बैजनाथ में लोगों की समस्याओं को सुनने के उपरांत बोल रहे थे।

कृषि मंत्री ने कहा कि सामुदायिक स्तर पवर कम से कम पांच किसानों के समूह पंपिंग मशीनरी लगाने हेतू सभी वर्ग के किसानों के लिए शत-प्रतिशत व्यय सरकार द्वारा वहन करने का प्रावधान है। योजना के अन्तर्गत एक से दस हार्स पावर तक के सौर पम्प उपलब्ध करवाए जाएंगे।

डॉ. राम लाल मारकंडा ने कहा कि सरकार किसानों की समस्याओं के प्र्रति गंभीर है और उनके हितों की सुरक्षा के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि बंदरों एवं जंगली जानवरों से फसलों के बचाव के लिए किसानों को सौर ऊर्जा एवं विद्युत संचरित बाड़ लगाने के लिए उपदान दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि किसानों को व्यक्तिगत तौर पर सोलर बाड़ लगाने पर 80 प्रतिशत तथा सामूहिक रूप में सोलर बाड़ लगवाने पर 85 प्रतिशत अनुदान प्रदान किया जा रहा है।

कहा….प्रदेश में शून्य लागत प्राकृतिक कृषि को दिया जा रहा बढ़ावा

कृषि मंत्री ने कहा कि प्रदेश की आर्थिकी में कृषि के अहम योगदान को ध्यान में रखते हुए प्रदेश सरकार इसके विकास पर विशेष ध्यान दे रही है। प्रदेश में किसानों की आय को वर्ष 2022 तक दोगुना करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए गये हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में शून्य लागत प्राकृतिक कृषि को बढ़ावा दिया जा रहा है। शून्य लागत प्राकृतिक कृषि प्रणाली रासायनिक कृषि का श्रेष्ठ विकल्प है। यह प्रणाली सुरक्षित है तथा इसमें किसानों की आय को दोगुना करने की क्षमता है। इस प्रणाली के अन्तर्गत उत्पादन लागत शून्य हो जाती है और उत्पाद जहर-मुक्त होते हैं। इससे जमीन की उत्पादकता बढ़ती है, पानी के कम उपयोग की आवश्यकता पड़ती है, मित्र कीटों का बचाव होता है तथा गुणवत्तायुक्त उत्पादों की पैदावार होती है।

उन्होंने कहा कि लोगों के वन अधिकारों को संरंिक्षत करने के लिए पद्रेश में 17305 वन अधिकार कमेटियां गठित की गई हैं। इसके लिए जनवरी माह में मुख्य सचिव की अध्यक्षता में राज्य स्तरीय निगरानी समिति की बैठक आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि कृषि विभाग में 110 पद कृषि विकास अधिकारी के भरे जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त कृषि प्रसार अधिकारी के पदों के लिए साक्षात्कार हो चुके हैं परन्तु कोर्ट से स्टे होने के कारण अभी तक पद भरे नहीं गये हैं। उन्होंने कहा कि जैसे ही कोर्ट से स्टे हटेगा कृषि प्रसार अधिकारियों के पद भर दिये जाएंगे। उन्होंने कहा कि बड़ा भंगाल, सिरमौर का गिरीपार इलाका, मलाणा व चुहार वैली को जनजातीय क्षेत्र का दर्जा देने के लिए इलाकों का सर्वे करने के उपरांत रिपोर्ट भारत सरकार को प्रेषित की गई है।

कृषि मंत्री ने सुनी जनससमयाएं

इस अवसर पर कृषि मंत्री ने 100 से अधिक लोगों की समस्याओं को सुना और अधिकांश का मौके पर ही निपटारा कर दिया तथा शेष समस्याओं के निपटारे के लिये सम्बन्धित विभागों के अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिये।

इस अवसर पर बैजनाथ भाजपा अध्यक्ष कर्ण जम्बाल, महामंत्री निर्मल कपूर, मुल्ख राज शर्मा, सुदेश राणा, निर्मला धरवाल, निशा धीमान, सुमन चौधरी, कांता देवी, जीवन लता, सुरेन्द्र कपूर, एसडीएम बैजनाथ रामेश्वर दास, संयुक्त निदेशक कृषि एनके बधान, उपनिदेशक कृषि नरेन्द्र धीमान, जिला कृषि अधिकारी कुलदीप धीमान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा क्षेत्र के लोग मौजूद थे।