वन संरक्षण को बनाएंगे जन आंदोलन: गोविंद सिंह , वनों की रक्षा के लिए स्वेच्छा से कार्य करने वालों का हो रहा है पंजीकरण , मैराथन, चित्रकला-नारा लेखन प्रतियोगिता के विजेताओं को बांटे ईनाम

कुल्लू

वन, परिवहन, युवा सेवाएं व खेल मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा है कि राज्य सरकार वन संपदा के संरक्षण और इसे आग से बचाने के लिए कृतसंकल्प है। मंगलवार को पतलीकूहल में वन विभाग की रेपिड फाॅरेस्ट फाइट

िंग फोर्स के एक दिवसीय जागरुकता शिविर की अध्यक्षता करते हुए गोविंद सिंह ने कहा कि जंगलों को आग से बचाने के लिए प्रदेश भर में 15 मार्च से विशेष अभियान आरंभ किया गया है। वन संपदा के संरक्षण में आम जनता की सहभागिता सुनिश्चित करना ही इसका मुख्य उद्देश्य है। वन मंत्री ने बताया कि प्रदेश भर में गांव स्तर पर जागरुकता शिविर लगाकर वन संरक्षण अभियान को एक जन आंदोलन बनाने के हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। जंगलों को आग और अवैध कटान से बचाने के लिए युवक मंडलों, महिला मंडलों व अन्य सामाजिक संगठनों का भी सहयोग लिया जाएगा। उन्होंने लोगों से सरकारी भूमि पर निर्माण कार्यों के बजाय पौधारोपण को तरजीह देने की अपील भी की। गोविंद सिंह ने बताया कि इस अभियान में योगदान देने के लिए स्थानीय लोगों को स्वेच्छा से अपने नाम पंजीकृत करवाने हेतु विभाग की ओर से विशेष फार्म उपलब्ध करवाए जा रहे हैं।

इस अवसर पर वन मंत्री का स्वागत करते हुए कुल्लू वृत्त के अरण्यपाल बीएल नेगी ने वनों के संरक्षण के लिए विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों से आग्रह किया कि यदि कोई व्यक्ति जान-बूझकर जंगल में आग लगाने की कोशिश करता है तो उसके खिलाफ शीघ्र थाने में शिकायत दर्ज करवाएं।
इस अवसर पर ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क के अरण्यपाल आरएस पटियाल, एसडीएम रमन घरसंगी, डीएफओ डा. नीरज चडढा, डीएफओ एचएल राणा, डीएफओ तिलकराज शर्मा, वन निगम के डीएम डा. चमन लाल, जिला परिषद सदस्य धनेश्वरी ठाकुर, भाजपा के जिला महामंत्री बालमुकुंद राणा, मंडल अध्यक्ष दुर्गा सिंह, महामंत्री ठाकुर दास और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।
—————-
मैराथन, चित्रकला-नारा लेखन प्रतियोगिता के विजेताओं को बांटे ईनाम
वन संरक्षण में सराहनीय योगदान देने वाले महिला व युवक मंडल पुरस्कृत
शिविर में आम जनता को वन संपदा के प्रति जागरुक करने के लिए मिनी मैराथन और स्कूली विद्यार्थियों के लिए नारा लेखन और चित्रकला प्रतियोगिता भी करवाई गई। चित्रकला प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में संजय ठाकुर प्रथम, संजना गुरुंग द्वितीय, संजना ठाकुर तृतीय और जूनियर वर्ग में ज्योत्सना ठाकुर प्रथम, अभिनव शर्मा द्वितीय और आंचल तृतीय रहीं। नारा लेखन के सीनियर वर्ग में अवंतिका प्रथम, अश्रिता ठाकुर द्वितीय, तानिया तृतीय और जूनियर वर्ग में तेनजिन ने पहला, नवयम शर्मा ने दूसरा और नीमा ने तीसरा स्थान हासिल किया। मिनी मैराथन में पवन सिंह, रमेश और धर्मेंद्र ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पाया। लड़कियों के वर्ग में पूजा प्रथम, निर्मला दूसरे और सीनियर वर्ग में वीर सिंह अव्वल रहे। वन मंत्री ने सभी विजेताओं को पुरस्कृत किया। मिनी मैराथन के विजेताओं को स्वयंसेवी संस्था यतन की ओर से ईनाम दिए गए। गोविंद सिंह ने वनों के संरक्षण के लिए सराहनीय कार्य करने वाले महिला मंडलों व युवक मंडलों को भी पुरस्कृत किया। वन संरक्षण के लिए रिगन महिला मंडल जाणा, धूंबल महिला मंडल हलाण-2, आगजनी वन कमेटी पराशर युवक मंडल, युवक मंडल डोभा बराण, युवक मंडल जालसा, थाली और युवक मंडल नियालग को भी पुरस्कृत किया गया।

टिप्पणी करे